Saturday, 5 September 2026

हसन-हुसैन सरदार, आल, अहले बैत

 

साहब, ये रिवायत कि "हसन और हुसैन रज़िअल्लाहु अन्हुम जन्नत में नौजवानों के सरदार होंगे" इमाम तिर्मिज़ी इस हदीस की एक चेन को हसन ग़रीब बताते हैं, और दूसरी चेन को सहीह....

....लेकिन इस रिवायत को इमाम बुख़ारी और इमाम मुस्लिम ने अपने सहीहैन में शामिल नही किया... 

अल हाकिम नीशापूरी लिखते हैं कि... "ये रिवायत इस लाइन के साथ कि "और उनके वालिद (अली रज़ी०) उनसे बेहतर हैं" ये रिवायत शेख़ैन (इमाम बुखारी और मुस्लिम) की शराइत पे पूरी उतरती है, इसके बावजूद मुझे ये सोचकर हैरानी होती है कि दोनों शेखों ने इस रिवायत को अपनी किताबों में क्यों शामिल नही किया ?"

.

..... इस रिवायत को बुख़ारी और मुस्लिम ने क्यों नहीं लिया होगा, उसकी एक वजह ये समझ में आती है कि अहादीस में ये पहले से दर्ज है कि जन्नत में कोई बूढ़ा नही होगा, जन्नत में जाने वाले तमाम लोगों को अल्लाह जवान बनाकर ही जन्नत में भेजेगा.. ऐसे में जबकि तमाम अम्बिया और रसूल भी जन्नत में नौजवान होंगे, तो क्या हसन और हुसैन रज़ी० उनके भी सरदार होंगे ?? ये बात अक्ल के मुताबिक़ नही लगती, ग़ालिबन इसीलिए इस रिवायत को इमाम मुस्लिम और इमाम बुखारी ने नही लिया....

.

...... बाद में इमाम तिरमिजी ने इस रिवायत को दर्ज किया, और इस पर वाकई यही सवाल उठे कि जन्नत में अम्बिया और खुल्फ़ा ए राशिदीन भी नौजवान होंगे, ख़ुद हसन हुसैन रज़ी० के वालिद अली रज़ी० भी नौजवान होंगे, तो क्या हसन हुसैन इनके भी सरदार होंगे ??

इस सवाल पर चौदहवीं सदी के मशहूर आलिम ए हदीस अहमद इब्न मुहम्मद अत तीबी रह० लिखते हैं कि "इसका मतलब ये होगा कि हसन और हुसैन रज़ी० अपने दौर के जन्नती लोगों में सबसे अफ़ज़ल होंगे" (यानी इमाम हसन और हुसैन रज़ी० दुनिया में अपने हमउम्र रहे नेक लोगों में सबसे बेहतर होंगे, और जन्नत में इसी ग्रुप के सरदार होंगे, ना कि वो नबियों, खुल्फ़ा ए राशिदीन और अपने वालिद के भी सरदार होंगे) !!



-----------------

दरअसल, शब्द "आल" को हमारे भाईयों ने बड़े संकुचित अर्थ मे लिया है ... कुरआन पढ़िए तो पाएंगे कि हकीकत मे कुरआनी लुग़त मे "आल" का मतलब सिर्फ किसी की जैविक संतान नहीं बल्कि जब ये शब्द "आल" विशेषकर किसी कौम के सरदार, किसी लीडर या किसी महात्मा से जोड़कर बोला जाए, तो समझ लीजिए कि उस सरदार के सारे पैरोकारों, सारे अनुयायियों को उस सरदार की आल कहा गया है

मिसाल के लिए देखिए कुरान 40:46 मे फिरऔन की आल को मौत के बाद अज़ाब का ज़िक्र है, लेकिन इस्लामी ज्ञान रखने वाले दोस्त जानते होंगे कि फिरऔन नि:संतान था और फिरऔन की पत्नी बेहद नेक औरत थी, यानी यहाँ न फिरऔन की जैविक संतानों पर अज़ाब किए जाने का ज़िक्र है, न उसके परिवार पर.... बल्कि फिरऔन के उन अनुयायियों को सज़ा दिए जाने का ज़िक्र है जो फिरऔन के हुक्म पर बेकुसूर मासूमो के कत्ल और जनता पर बेतरह ज़ुल्म किया करते थे ... और अल्लाह ने इन्हीं अनुयायियों को कुरआन मे फिरऔन की आल कहा है ॥

याद कीजिये हम दुरूद ए इब्राहीमी में अल्लाह से ये दुआ करते हैं कि मुहम्मद सल्ल० की आल पर अल्लाह उस तरह कृपा करे जिस तरह इब्राहीम अस० की आल पर उसने की है..... अब अगर आल का मतलब पैरोकार की बजाय सिर्फ औलाद लिया जाए, तो हम जानते हैं कि बाद में इब्राहीम अलैहिस्सलाम की ज़्यादातर औलाद यहूदी और ईसाई होकर अल्लाह की राह से हट गई है.... तो क्या हम नबी सल्ल०  की औलाद के लिए ये दुआ कर रहे कि वो इब्राहीम अलैहिस्सलाम की यहूद और नसारा हुई औलाद की तरह हो जाये ?? ..... जी नही.... इस जगह भी आल का मतलब, इब्राहीम अलैहिस्सलाम की तालीमात पे कायम रहने वाले लोग हैं, इब्राहीम अलैहिस्सलाम के पैरोकार हैं,ना कि सिर्फ़ खून के रिश्ते से उनकी औलाद....

यानी ये साफ़ है कि दुरूद पाक मे जो दुआ हम करते हैं, वो सिर्फ नबी सल्ल. और उनकी औलादों के लिए नहीं, बल्कि नबी सल्ल. और नबी सल्ल. के तमाम फरमाबरदार पैरोकारों के लिए करते हैं ॥

ये तो बात हुई कि दुरूद शरीफ़ मे सिर्फ़ नबी की औलादें ही नहीं बल्कि वो सारे मुस्लिम भी शामिल हैं जो भले कामों के लिए कोशां रहते हैं, फिर चाहे वो किसी भी वंश से हों और उनका नबी सल्ल. के खानदान से दूर दूर तक का वास्ता न हो

इसके बरअक्स ये भी सोच का मौजू है कि क्या नबी सल्ल. के वंशज ज़रूरी तौर से अफ़ज़ल और पाक हैं, और इसलिए ज़रूरी तौर से दुरूद शरीफ़ मे शामिल हैं ??

नबी के वंशज चाहे गुनाहगार ही क्यों न हों, अल्लाह उनसे ख़ास लगाव रखता है, ऐसा बेबुनियाद वहम पालने वालों को मैं याद दिलाना चाहूंगा कुरआन मे एक बड़े नबी हज़रत नूह अलैहिस्सलाम के बेटे का ज़िक्र, जो कि गुनाहगार था, और इसलिए जब वो सैलाब मे डूबा और हज़रत नूह ने अल्लाह को ये कहते हुए पुकारा कि ऐ अल्लाह मेरा बेटा मेरे घरवालों मे से था, ... तो अल्लाह की ओर से जवाब आया कि वो आपके घरवालों मे से नहीं था, और ऐसी बात न कहिए जिस बात का आपको इल्म न हो [कुरआन 11:46] 

... यानि इस अज़ीम किताब मे अल्लाह ने खुद साफ़ कर दिया है कि अल्लाह किसी इंसान को खून और ख़ानदान की बुनियाद पर अज़ीज़ नही रखता, बल्कि अल्लाह तो नबी की जैविक सन्तान को भी नबी का सम्बन्धी नहीं मानता, अगर वो सन्तान गुनाह मे मुलव्विस रहती हो, 

... साफ है कि कोई भी गुनाहगार इंसान जिसका रक्त सम्बन्ध हकीकत मे नबी सल्ल. से हो भी, तब भी वो नबी की आल नहीं है अल्लाह के नज़दीक, जब तक वक्त रहते तौबा न कर ले ...॥


-----------


मैं ये भी बार बार बता चुका कि बैत का मतलब "मकान" होता है, और "अहले बैत" से एक मकान में रहने वाले यानी एक परिवार बीवी और बच्चे मुराद होता है न कि चचेरे तयेरे समेत पूरा खानदान ...

बल्कि जिस तरह हमारे देश मे लफ्ज़ "घरवाली" सिर्फ बीवी के लिये खास है चाहे उस शख्स के घर मे माँ बहन बेटी भी रहती हों, लेकिन उसकी घरवाली कहने से मुराद सिर्फ उसकी बीवी होता है, इसी तरह क़ुरआन में सिर्फ़ बीवी के लिये अहले बैत यानी "घरवाले" लफ्ज़ आया है कि इब्राहीम अलैहिस्सलाम के घर में सिर्फ उनकी बीवी ही थीं और जिब्रील ने उन्हें इब्राहीम के "अहले बैत" कहा

.

..... बहरहाल इस लफ्ज़ "अहले बैत" को फिर भी आप खींच तान के इसमें और लोगों को शामिल करें तो नबी सल्ल० की औलाद को भी इसमें शामिल समझ सकते हैं.....

... इस लिहाज़ से सय्यदा फ़ातिमा रज़ी० के शौहर होने की वजह से हज़रत अली रज़ि० नबी के अहले बैत में आएंगे न कि बनु हाशिम में होने की वजह से.. पूरा बनु हाशिम एक "बैत" में एक मकान में नही रहता था !!

.

मैं ये कहता हूं कि जिस तरह से अली रज़ि० नबी के अहले बैत होते हैं उस लिहाज़ से उस्मान रज़ि० भी नबी के अहले बैत में शामिल समझे जाने चाहिये, और उन लोगों को उस्मान रज़ि० की कद्र भी करनी चाहिए, जो अली रज़ि० का दर्जा अज़मत वाला मानते हैं,

लेकिन अफसोस की बात है कि उस्मान रज़ि० के बारे में ये लोग बेहद गलत अक़ाइद रखते हैं... अफ़सोस !!!!



No comments:

Post a Comment

दो मगरिबो और दो मशरिको

 22 दिसम्बर साल का सबसे छोटा दिन होता है,  क़ुरआन की एक आयत पर उठाए गए सवाल के जवाब में 2015 में ये दिलचस्प जानकारी वाली पोस्ट लिखी थी अक्सर ...